Ticker

6/recent/ticker-posts

खुशखबरी : राजस्थान के इस जिले में 3530.92 करोड़ से 278 किमी में बिछेगी रेलवे लाइन। लुणी समदड़ी जालोर भीलडी रेल मार्ग

खुशखबरी : राजस्थान के इस जिले में 3530.92 करोड़ से 278 किमी में बिछेगी रेलवे लाइन
जगमालसिंह राजपुरोहित मोदरान।

मोदरान न्यूज
 राजस्थान में आने वाले दिनों में सड़क तंत्र से लेकर रेलवे कनेक्टिविटी भी और ज्यादा मजबूत होने वाली है। राजस्थान की जनता को कम किराए में आरामदायक सफर का मजा मिलने वाला है। आने वाले वर्ष में बाड़मेर,बालोतरा,जालोर बनासकांठा जिले के लोगों को लूनी-समदड़ी-भीलड़ी रेल मार्ग पर बेहतर रेल सुविधा मिलेगी। इसी स्थान पर मालगाड़ियों के लिए एक नया कोरिडोर बनाया जाएगा। लूनी-समदड़ी- जालोर -भीलड़ी के 278 किलोमीटर की रेल लाइन को दोहरीकरण करना केंद्र सरकार का एक महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट होगा।

रेलवे ने पहले चरण में मारवाड़ कोरी-भीलड़ी के बीच चार हिस्सों में रेल दोहरीकरण का काम शुरू किया है। तीन चार महीने बीत गए हैं। अब लूनी और बिशनगढ़ के बीच एक महत्वपूर्ण काम का वर्कऑर्डर जारी किया गया है। निर्माण कार्य को पूरा करने की अनुमानित अवधि 18 महीने है। इस बड़े काम पर 3530.92 करोड़ रुपये खर्च होंगे।


महत्वपूर्ण है रेल प्रोजेक्ट

भारतीय रेलवे का लूनी-समदड़ी-जालोर- भीलड़ी रेल खंड और अन्य रेल परियोजनाओं का दोहरीकरण देश की परिवहन और व्यापारिक क्षमता को बढ़ाने में एक महत्वपूर्ण कदम है। ये परियोजनाएँ न केवल माल परिवहन को तेज और किफायती बनाएंगी, बल्कि यात्री सुविधाओं को भी बेहतर करेंगी।

1 - लूनी -समदड़ी- भीलड़ी रेल खंड के दोहरीकरण कंटेनर की आवाजाही आसान होगी।
2 - कांडला पोर्ट तक माल भेजने व वहां से माल विभिन्न मंडियों तक ले जाने के लिए यह एक सुलभ ट्रेक होगा।
3 - इस मार्ग पर यात्री रेलगाड़ियां पहले से अधिक संचालित होने तक सुदूरवर्ती प्रदेशों से सीधा संपर्क स्थापित होगा।
4 - भारत सरकार के केबिनेट ने 8 फरवरी 2024 को राजस्थान के 3 महत्वपूर्ण रेल मार्गों के दोहरीकरण को मंजूरी दी गई थी। इसमें लूनी-समदड़ी-भीलड़ी मार्ग के अलावा जयपुर-सवाई माधोपुर, अजमेर-चंदेरिया प्रोजेक्ट शामिल थे।

इस तरह काम होगा

कोरी-भीलड़ी का काम पहले चरण में जारी किया गया था, जो आज भी चल रहा है। लूनी-भीलड़ी रेल मार्ग पर एक दिन में लगभग 50 से अधिक मालगाड़ियां चलती हैं। इस रेलमार्ग के दोहरीकरण से कांडला बंदरगाह से सीधा कनेक्ट होने से रेलवे क्षेत्र में सुधार होगा।

लूनी-बिशनगढ़ कार्य प्रारंभ, 12 रेल स्टेशनों का होगा कायापलट

रेलवे ने लूनी-बिशनगढ़ दूरी 97.5 किलोमीटर में निर्माण को लेकर कार्यदेश जारी किए हैं। इस पर 346 करोड़ रु़पए खर्च होंगे। इस मार्ग के लूनी, सतलाना, दूदिया, धुंधाड़ा, महेशनगर हॉल्ट, अजीत, समदड़ी, बामसीन, राखी, मोकलसर, बालवाड़ा, विशनगढ इन रेल स्टेशनों पर भवन निर्माण, प्लेटफार्म, मार्ग के छोटे पुलिया बनाने, अर्थवर्क करने का कार्य किया जाएगा। इन दिनों रेल पटरी के दूसरी लाइन बिछाने वाले भाग की सफाई की जा रही है। अन्य जरुरी कार्य किया जा रहा है। शीघ्र ही बड़े स्तर पर कार्य प्रारंभ किया जाएगा।


इनका कहना है 
लूनी- समदड़ी- भीलड़ी रेल मार्ग दोहरीकरण कार्य प्रारंभ होने से पूरे क्षेत्र में खुशी छाई हुई है। इससे जोधपुर-अहमदाबाद की यात्रा बहुत आसान होगी। सुदूरवर्ती प्रदेशों से संपर्क होने से बड़ा फायदा मिलेगा। क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।
रतनसिंह सोढा राजपुरोहित मोदरान 
अध्यक्ष, श्री आशापुरी माताजी संघर्ष समिति मोदरान 

लूनी-समदड़ी-जालोर - भीलड़ी महत्वपूर्ण रेल मार्ग है। इसके दोहरीकरण से क्षेत्र में समृद्धि आएगी। विकास होने के साथ आवागमन में अच्छी सुविधा मिलेगी। आम आदमी का जीवन सरल होगा। लंबे समय से दोहरीकरण की मांग कर रहे थे।

जालम सिंह राठौड़,
वरिष्ठ कार्यकर्ता
दक्षिण भारतीय रेल प्रवासी संघर्ष समिति ओगोंल 
🔻278 किमी लूनी-जालोर-भीलड़ी की दूरी

3530.92 करोड़ रुपए अनुमानित खर्च होंगे।


🔻96 किमी लूनी-बिशनगढ़

🔻48 किमी बिशनगढ़-मोदरान

🔻41 किमी मोदरान-मारवाड़ कोरी

🔻90.4 किमी मारवाड़ कोरी-भीलड़ी

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ