प्लेटफॉर्म से गायब हो जाएगी पूड़ी-सब्जी और चाय, रेलवे की नई खान-पान नीति लागू
JAGMALSINGH RAJPUROHIT
MODRAN NEWS
Updated: Thu, 09 Feb 2018 10:02 PM (IST)

नई खान-पान नीति के तहत रेलवे ने खुले खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगा दी है।
MODRAN । नई खान-पान नीति के तहत रेलवे ने खुले खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगा दी है। अब प्लेटफॉर्म पर पूड़ी-सब्जी, चाय आदि खुला खाद्य पदार्थ नहीं दिखाई देंगे। इनकी जगह पैकेट बंद खाना और डिस्पेंसर मशीन वाली चाय मिलेगी। पुराने स्टॉल बंदकर नए खोले जाएंगे।
अब केतली में बिकने वाली चाय भी प्लेटफॉर्म पर नहीं मिलेगी। मंशा है कि यात्रियों को शुद्ध खाना उपलब्ध हो। वेंडर स्टेशन के बाहर खाना तैयार कर उसे पैकेट में पैक कर प्लेटफॉर्म पर लाएंगे। पैकिंग पर खाना पैक करने की तारीख, समय, वेंडर का नाम और कीमत भी अंकित होगी।
चाय के लिए स्टॉल पर डिस्पेंसर मशीन होगी। इसमें यात्रियों को सिक्का या टोकन डालना पड़ेगा, इसके बाद ही चाय मिलेगी। इसके अलावा, ब्रांडेड कंपनी का पैकेट बंद खाना भी स्टॉलों पर उपलब्ध होगा। कुछ पैकेट बंद खाने के साथ गर्म पानी भी दिया जाएगा, जिससे यात्री उसे खाने के लिए तैयार कर सकेंगे।
ब्रेड पकोड़ा, समोसा, इडली आदि भी बंद पैकेट में ही मिलेगा। स्टेशन की कैंटीन या रेस्तरां को आधुनिक बनाया जाएगा, जिससे मक्खी आदि अंदर न पहुंच सके। यह व्यवस्था पूरी तरह लागू होने के बाद स्टेशन से पूड़ी-सब्जी बेचने वाले वेंडर को हटा दिया जाएगा।
ए-वन ग्रुप के स्टेशनों पर 150 स्टॉल खोले जाएंगे। 261 स्टॉल ग्रुप बी व सी श्रेणी के स्टेशनों पर खोले जाएंगे। 33 फीसदी स्टॉल महिला या महिलाओं के समूह को आवंटित किए जाएंगे।.
0 टिप्पणियाँ