जयपुर के ढहर के बालाजी से पुणे के खड़की स्टेशन के बीच ट्रेन से महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश व राजस्थान के यात्रियों को फायदा होगा.
Modran News
Jagmalsingh Rajpurohit
कोटा : पुणे से जयपुर के बीच कोटा होकर चलाई जा रही साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन अब अक्टूबर 2026 से स्थाई रूप से चलेगी. पुणे के खड़की स्टेशन से यह ट्रेन 11 अक्टूबर को अपना पहला फेरा करेगी, जबकि ढहर के बालाजी से ट्रेन 12 अक्टूबर को चलेगी. इस नई ट्रेन से दिवाली व फेस्टिवल सीजन के अवसर पर यात्रियों को फायदा होगा.
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि इसे स्थायी करने की घोषणा अप्रैल महीने में की गई थी. अब इस ट्रेन का वीकली एक्सप्रेस के रूप में रेगुलर संचालन अक्टूबर से शुरू करने के आदेश जारी किए हैं. रेलवे यात्री भार को देखते हुए स्पेशल ट्रेन का संचालन करता है और इन ट्रेनों में पर्याप्त यात्री भार होने पर उन्हें रेगुलर भी कर रहा है. स्पेशल ट्रेन में आमतौर पर किराया ज्यादा होता है, जबकि रेगुलर ट्रेन चलने पर किराया कम रहता है. ऐसे में यह कम किराए पर चलेगी.
पढ़ें: Festival Special Trains: कोटा से पटना और लखनऊ से वलसाड के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेनें, मिल रहे हैं कंफर्म टिकट
ट्रेन नंबर 01407 खड़की ढहर के बालाजी वीकली स्पेशल ट्रेन चल रही थी, जिसे ट्रेन नंबर 20105 दिया गया है. जबकि इसी तरह से ट्रेन नंबर 01408 ढहर के बालाजी खड़की वीकली स्पेशल का ट्रेन नंबर 20106 होगा.
ट्रेन नंबर 20105 खड़की स्टेशन से रविवार सुबह 9.45 बजे रवाना होगी. अगले दिन सोमवार तड़के 2.45 पर यह कोटा पहुंचेगी, इसके बाद सुबह 7.50 पर जयपुर और 8.50 पर ढहर के बालाजी पहुंच जाएगी.
वापसी में ट्रेन नंबर 20106 ढहर के बालाजी स्टेशन से सोमवार दोपहर 12.00 बजे रवाना होगी. जिसके बाद दोपहर 12.10 पर जयपुर और 3.55 पर कोटा पहुंचेगी. मंगलवार सुबह 9.55 पर खड़की स्टेशन पहुंच जाएगी.
ट्रेन आते और जाते समय 19 स्टेशनों को कनेक्ट कर रही है. जिनमें लोनावला, कल्याण, वसई रोड, पालघर, वापी, वलसाड, सूरत, अंकलेश्वर, वडोदरा, रतलाम, नागदा, भवानी मंडी, कोटा, सवाई माधोपुर, रामगंज मंडी, दुर्गापुरा और जयपुर स्टेशन पर रुकेगी.
जल्दी शुरू होगी बुकिंग: सुदर्शन ने बताया कि फिलहाल दोनों तरफ से ट्रेन के लिए रिजर्वेशन नहीं खोला गया है. जल्द ही इसे खोल दिया जाएगा. एसएलआर कम दिव्यांग 1, लगेज कम जनरेटर यान 1, जनरल 4, स्लीपर 6, थर्ड एसी 3 मिलाकर 16 कोच होंगे. जयपुर के उपनगरीय स्टेशन ढहर के बालाजी से पुणे के खड़की स्टेशन तक चलने वाली ट्रेन से महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश व राजस्थान के यात्रियों को फायदा होगा. इसमें जयपुर, सूरत, रतलाम, कोटा व पुणे से यात्री ट्रेवल कर सकेंगे.
0 टिप्पणियाँ