दासपां-पादरा मार्ग पर दो कारों में भीषण भिड़ंत, कई लोग घायल; तेज रफ्तार स्विफ्ट अर्टिगा से टकराकर पेड़ में घुसी, गंभीर घायलों को भीनमाल किया रेफर
मोदरान न्यूज, जालोर । निकटवर्ती गांव दासपां-पादरा मार्ग पर दो कारों के बीच भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। हादसा इतना भयानक था कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर आ रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही अर्टिगा कार से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद स्विफ्ट कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे एक पेड़ में जा घुसी। हादसे में दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और उनमें बैठी सवारियां अंदर ही फंस गईं।
टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए फंसे हुए घायलों को गाड़ियों से बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गई।
हादसे में कई घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है। मौके पर मौजूद लोगों और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए भीनमाल रेफर कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त गाड़ियों को कब्जे में लेकर रास्ता साफ करवाया तथा मामले की अग्रिम जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्टर: जगमाल सिंह राजपुरोहित स्वतंत्र पत्रकार:
मोदरान, जालोर
0 टिप्पणियाँ