बीएमसी में बीजेपी को बड़ा झटका, जीत की तरफ बढ़ी शिवसेना
मोदरान न्यूज
जेजे राजपुरोहित
23 Feb, 2017 12:12
बीएमसी में बाजी शिवसेना के हाथ लगी है...
FIle Photo
मुंबई। महाराष्ट्र में बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (बीएमसी) सहित अन्य निकाय चुनावों के परिणाम आने शुरू हो चुके हैं। महाराष्ट्र भर के निकाय चुनावों में जहां बीजेपी बढ़त बनाए हुए है वहीं बीएमसी में बाजी शिवसेना के हाथ लगी है। बीएमसी की 227 में से 138 सीटों के रुझान आए हैं जिसमें शिवसेना 70 और बीजेपी 38 पर आगे चल रही है। एनसीपी 5, कांग्रेस 14 और एमएनएस 7 पर बढ़त बनाए हुए है। चुनाव परिणामों की अभी की स्थिति देखकर यही लग रहा है कि बीएमसी में शिवसेना ही सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी।
बीएमसी में शिवसेना की जीत बीजेपी के लिए एक बड़ा झटका होगा। बीएमसी में इन दोनों ही पार्टियों ने 25 साल पुराना गठबंधन तोड़कर अलग अलग चुनाव लड़ा था। पहले 2014 के लोकसभा चुनाव और फिर विधानसभा चुनाव में शिवसेना से ज्यादा सीटें जीतने वाली बीजेपी के हौंसले बीएमसी चुनाव को लेकर सातवें आसमान पर थे लेकिन परिणामों ने एक बार फिर बीएमसी में शिवसेना का झंडा बुलंद कर दिया है।
वहीं, लोकसभा और विधानसभा में बीजेपी की बढ़त के बाद से शिवसेना के बोल भी पार्टी को लेकर तीखे हो चले थे। शिवसेना के नेताओं की तरफ से लगातार बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ बयान दिए जा रहे थे। हाल में, गुजरात में पटेल आंदोलन की अगुवाई करने वाले हार्दिक पटेल को भी पार्टी ने अपने साथ जोड़ा है। मंगलवार को मतदान के दिन शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा था कि गुरुवार को चुनाव के नतीजों के बाद वह फैसला करेंगे कि राज्य स्तर पर गठबंधन को जारी रखना है या नहीं।
अब आगे क्या?: राजनीतिक विशेषज्ञ मानते हैं कि शिवसेना को बीएमसी चुनाव में अगर फायदा होता है तो वह विधानसभा में गठबंधन तोड़ सकती है, जिससे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार अल्पमत में आ जाएगी। शिवसेना अगर बीजेपी के साथ गठबंधन तोड़ती है तो महाराष्ट्र में एक नये गठबंधन की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता है। बीजेपी-एनसीपी के बीच एक संभावित गठबंधन को लेकर भी कयास लगाए जा रहे हैं।
0 टिप्पणियाँ