Ticker

6/recent/ticker-posts

ट्रैप-सस्पेंड वाला थाना, इसलिए जॉइनिंग से पहले शांति यज्ञ:4 महीने में दो CI सस्पेंड, नए थानेदार ने दो पंडितों को बुला कराया हवन

ट्रैप-सस्पेंड वाला थाना, इसलिए जॉइनिंग से पहले शांति यज्ञ:4 महीने में दो CI सस्पेंड, नए थानेदार ने दो पंडितों को बुला कराया हवन

जगमाल सिंह राजपुरोहित मोदरान।
जोधपुर का रातानाड़ा थाना। यहां कुछ अच्छा नहीं चल रहा है। ऐसा मानना है यहां जॉइन करने वाले नए थानेदार का। कुर्सी संभालने के बाद थाने में दो पंडितों को बुला यज्ञ करवाया गया। हवन कर शांति की कामना की गई। इसका वीडियो अब सामने आया है। इस पर थाने का स्टाफ कुछ भी कहने से बच रहा है।
रातानाड़ा थाना पिछले तीन साल से विवादों में है। यहां 4 महीने में दो थाना अधिकारी सस्पेंड हो चुके हैं। 3 साल पहले एक अधिकारी एसीबी से ट्रैप हो चुके हैं। कुछ दिन पहले ही राज्यपाल के वर्चुअल कार्यक्रम में हंगामे के बाद तत्काल सीआई मूल सिंह को सस्पेंड कर दिया गया था। इसके बाद करवड़ थाने से भारत रावत को इसका जिम्मा दिया गया। 9 फरवरी को उन्होंने जॉइन किया। उन्हें शांति नहीं मिली। दो दिन पहले दो पंडितों को थाने में बुलाया गया। इसके बाद यहां विधि-विधान से नवग्रह व शांति यज्ञ करवाया गया।

नवग्रह शांति के लिए गायत्री यज्ञ
पंडित अशोक शास्त्री ने बताया कि देवी की प्रतिमा के समक्ष चंडी यज्ञ किया गया। इसमें सभी पुलिस अधिकारी व जवानों ने आहुतियां देकर शांति की कामना की। उन्होंने कहा कि कभी-कभार अच्छे अधिकारी आते हैं तो थाने में यज्ञ कराया जाता है। दूसरे पंडित ने बताया कि नवग्रह शांति के लिए गायत्री यज्ञ किया गया।

रिश्तेदार को छुड़ाने के लिए धरना
इसी थाने में पांच महीने पहले जोधपुर शेरगढ़ विधायक मीना कंवर अपने जेठ के बच्चे को छुड़ाने के लिए रात में धरने पर बैठ गए थे। पुलिसकर्मी बाइक सवार जेठूता (भतीजा) को पकड़ थाने ले आए थे। उन्हें छुड़ाने के लिए परिवार के साथ थाने आ गए और धरना शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों और विधायक के बीच जमकर बहस भी हुई थी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ