*🚩 राम मंदिर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा समारोह की तारीख पक्की, पीएम मोदी को भेजा जाएगा निमंत्रण 🚩*
August 4 2023
अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। शुक्रवार को राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से यह बताया गया कि अगले साल 21, 22 और 23 जनवरी को अयोध्या के राम मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन होगा।
राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों की ओर से पहले ही कहा गया था कि वह इस समारोह के लिए आधिकारिक तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निमंत्रण भेजेंगे। अब ट्रस्ट की ओर से प्राण-प्रतिष्ठा समारोह कार्यक्रम की तारीखों की घोषणा करके बहुप्रतिक्षित इंतजार पर से पर्दा हटा दिया गया है।
*21, 22 और 23 जनवरी को प्राण-प्रतिष्ठा समारोह*
राम मंदिर ट्र्स्ट के महासचिव चंपत राय ने पीटीआई को बताया, 'राम जन्मभूमि में प्राण-प्रतिष्ठा समारोह अगले साल जनवरी के तीसरे सप्ताह में होगा। प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के लिए जनवरी की तीन तारीखें- 21, 22 और 23 तय की गई हैं। हम इस समारोह के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निमंत्रण देंगे, जिसमें प्रमुख साधुओं के साथ-साथ अन्य गणमान्य लोग भी शामिल होंगे। '
*मुख्य समारोह को गैर-राजनीतिक होगा*
उन्होंने कहा कि 'मुख्य समारोह को गैर-राजनीतिक रखा जाएगा। विभिन्न राजनीतिक दलों के मेहमानों को भी आमंत्रित किया जाएगा, अगर वे आने का इरादा रखें। कार्यक्रम में कोई स्टेज नहीं होगा और ना ही कोई सार्वजनिक सभा होगी।'
*136 सनातन परंपपराओं के 25,000 हिंदू साधु-संत जुटेंगे*
ट्रस्ट की योजना समारोह के लिए 136 सनातन परंपपराओं के 25,000 से अधिक हिंदू धार्मिक नेताओं को आमंत्रित करने की है। उन्होंने कहा कि मंदिर ट्रस्ट ऐसे संतों की एक लिस्ट तैयार कर रहा है और जल्द ही उन्हें ट्र्स्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के हस्ताक्षर के साथ निमंत्रण पत्र भेजा जाएगा।
*साधु-संतों के अलावा 10,000 विशेष मेहमान*
चंपत राय ने कहा, 'ट्रस्ट ने सभी प्रमुख संतों को अयोध्या के बड़े आश्रमों में ठहराने की योजना बनाई है।' ये 25,000 संत उन 10,000 'विशेष मेहमानों' से अलग होंगे जो राम जन्मभूमि परिसर के अंदर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होंगे।
*एक महीने तक श्रद्धालुओं को मुफ्त भोजन कराएगा राम मंदिर ट्रस्ट*
मंदिर ट्रस्ट के एक सदस्य अनिल मिश्रा ने कहा, 'रामलला का गर्भगृह तैयार होने को है। अब जनवरी महीने में भव्य प्राण-प्रतिष्ठा समारोह की तैयारी पूरे जोर से चल रही है।' ट्रस्ट की योजना है कि प्राण-प्रतिष्ठा के लिए अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को एक महीने तक नि:शुल्क भोजन कराया जाए। चंपत राय के अनुसार पूरे जनवरी महीने में ट्रस्ट प्रतिदिन 75,000 से 1,00,000 लोगों को भोजन कराएगा।
बता दें कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का भूमि पूजन 5 अगस्त, 2020 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही किया था। तब बहुत सीमित संख्या में लोग इसमें शामिल हो पाए थे, क्योंकि उस समय कोविड-19 गाइडलाइंस का पालन किया जा रहा था।।।
0 टिप्पणियाँ