10वीं के परिणाम में देरी की वजह
मोदरान न्यूज
जेजे राजपुरोहीत
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान की दसवीं के परिणाम के लिए विद्यार्थियों को फिलहाल इंतजार करना पड़ेगा। नतीजा 15 जून के बाद ही जारी होने की संभावना है। दरअसल अंग्रेजी की उत्तरपुस्तिकाओं में इस वर्ष रोल नंबर की जगह बार-कोडिंग की व्यवस्था लागू करने के कारण परिणाम में कुछ देरी हो रही है।
बोर्ड की दसवीं की परीक्षा में साढ़े 10 लाख से अधिक परीक्षार्थी प्रविष्ट हुए थे। परीक्षकों को जंचवाने के लिए भेजी जाने वाली उत्तरपुस्तिकाओं से किसी विद्यार्थी की पहचान नहीं हो पाए इसके लिए इस साल बोर्ड प्रशासन ने प्रायोगिक तौर पर अंग्रेजी की उत्तरपुस्तिकाओं में रोल नंबर छुपाकर उसकी जगह बार कोडिंग की व्यवस्था शुरू की है।
अंग्रेजी विषय की साढ़े 10 लाख से अधिक उत्तरपुस्तिकाओं में बार-कोडिंग की वजह से उनके प्राप्तांक को वापस उसी रोल नंबर के अनुसार उतारने में अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है। बोर्ड अधिकारियों के अनुसार पहली बार लागू की गई बार-कोडिंग की व्यवस्था को लेकर बोर्ड प्रशासन पूरी तसल्ली करना चाहता है। किसी विद्यार्थी का अहित न हो इसके लिए जल्दबाजी नहीं की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार अब परिणाम लगभग अंतिम चरण में है और 15 जून के बाद कभी भी जारी किया जा सकता है।
प्रवेशिका परिणाम में भी देरी
प्रवेशिका अंग्रेजी की उत्तरपुस्तिकाआें में भी दसवीं की तरह बार-कोडिंग का प्रयोग करने के कारण इस परीक्षा के परिणाम मे भी देरी हो रही है। इस परीक्षा में 8 हजार से अधिक परीक्षार्थी प्रविष्ट हुए थे. . . ........ मोदरान न्यूज
0 टिप्पणियाँ